*डीडीसी ने राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों को NEET एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किया प्रेरित*
—————–
*लोहरदगा।*
उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम द्वारा आज राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, लोहरदगा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के वर्ग-कक्षों एवं शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया तथा प्लस टू के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें NEET, JEE एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा बेहतर करियर विकल्पों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

उप विकास आयुक्त ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, कक्षा में ध्यानपूर्वक अध्ययन करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। अनावश्यक रूप से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को आगे से अभिभावक के साथ अनुपस्थिति का उचित कारण दर्शाते हुए आवेदन के साथ विद्यालय आने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विज्ञान संकाय की कक्षा का भी अवलोकन किया तथा भौतिकी शिक्षक आनंद ठाकुर द्वारा संचालित कक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित ट्रैकिंग एवं विश्लेषण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता, कमजोरी एवं विषयवार प्रदर्शन का डेटा तैयार कर समीक्षा की जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं एवं अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विद्यालय में शिक्षकों की आवश्यकता एवं उपलब्धता की भी जानकारी ली गई। शिक्षकों की कमी को देखते हुए उप विकास आयुक्त ने मौके से ही जिला शिक्षा पदाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक शिक्षक उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत विद्यालय के सभी शिक्षकों की बैठक सीआरपी श्याम कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में अनुशासन एवं शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों का डाटा तैयार कर उनकी शैक्षणिक क्षमता एवं कमजोरियों का विश्लेषण करने पर चर्चा की गई। शिक्षकों से विद्यार्थियों की कमजोरियों को चिन्हित करते हुए संबंधित विषयों पर विशेष फोकस करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार द्वारा सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम के लिए समर्पित होकर कार्य करने हेतु संकल्प दिलाया गया। शिक्षकों ने आगामी परीक्षाओं में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन एवं नियमित अनुश्रवण उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारा जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रत्येक बच्चे की प्रगति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।























Total Users : 1131247
Total views : 2954019