लोहरदगा (सेन्हा): सेन्हा थाना क्षेत्र के डांडू गांव में खेतों में पटवन (सिंचाई) करने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 52 वर्षीय अधेड़ गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, डांडू गांव निवासी अजमुद्दीन अंसारी के 52 वर्षीय पुत्र तबारक अंसारी अपने खेत में फसल की सिंचाई करने गए हुए थे। इसी दौरान वह अचानक वहां से गुजर रहे बिजली के प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट का जोरदार झटका लगते ही वह वहीं जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।
आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और परिजनों को जैसे ही इसकी भनक लगी, उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह उन्हें तार की चपेट से बाहर निकाला। परिजन तुरंत अचेत अवस्था में तबारक अंसारी को लेकर लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम तुरंत उनके इलाज में जुट गई। डॉक्टरों के अनुसार, मरीज को शुरुआती उपचार देकर कड़ी निगरानी में रखा गया है।
इधर, घटना के बाद डांडू गांव के ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ काफी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से गुजरने वाले जर्जर तारों के रखरखाव में लापरवाही के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।



















Total Users : 1080073
Total views : 2883242