न्यूज स्केल लाइव
चतरा (मयूरहंड)। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने चतरा जिले में संगठन की मजबूती और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से मयूरहंड प्रखंड में एक बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया है। मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के फुलांग पंचायत की पंचायत समिति सदस्य प्रीति कुमारी के पति सह प्रबुद्ध समाजसेवी संदीप रजक उर्फ गुड्डू रजक को सर्वसम्मति से मयूरहंड प्रखंड का राजद युवा प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की अनुशंसा पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राजद जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव एवं युवा जिला अध्यक्ष प्रतीक प्रकाश अंगार ने संयुक्त रूप से उन्हें आधिकारिक मनोनयन पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही शीर्ष नेताओं ने उन्हें मयूरहंड प्रखंड में पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को धरातल पर मजबूत बनाने की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
नेतृत्व की उम्मीदों पर हमेशा खरा उतरूंगा: गुड्डू रजक
नवमनोनित राजद युवा प्रखंड अध्यक्ष गुड्डू रजक ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि: “पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ मुझे यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उस पर हमेशा खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मेरा मुख्य उद्देश्य मयूरहंड प्रखंड के प्रत्येक गांव और बूथ स्तर तक जाकर युवाओं को एकजुट करना, पार्टी को सशक्त व मजबूत बनाना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की जन-कल्याणकारी नीतियों को पहुंचाना है।”
राजद कार्यकर्ताओं में दौड़ी खुशी की लहर, उज्ज्वल भविष्य की कामना
संदीप रजक उर्फ गुड्डू रजक को युवा प्रखंड अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होते ही मयूरहंड प्रखंड के राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि गुड्डू रजक के नेतृत्व में प्रखंड में युवा वर्ग के बीच राजद का जनाधार तेजी से बढ़ेगा। सभी ने उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की साझा कामना की है। इस मौके पर प्रखंड के दर्जनों सक्रिय पार्टी कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित थे।























Total Users : 1029452
Total views : 2812518