बोकारो। बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह गांव (सरदाहा पंचायत) की 18 वर्षीय छात्रा कुमारी पुष्पा महतो के लापता होने के मामले में पुलिस ने अहम घोषणा की है। Harvinder Singh ने बताया कि जो भी व्यक्ति पुष्पा के बारे में पुख्ता जानकारी देगा या उसे खोजकर लाएगा, उसे बोकारो पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार पिंड्राजोरा थाना में पुष्पा के लापता होने को लेकर कांड संख्या 147/25, दिनांक 4 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया था। घटना के बाद से परिजन लगातार अपनी बेटी की तलाश में पुलिस और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, खूंटाडीह निवासी रेखा देवी की पुत्री पुष्पा महतो 21 जुलाई 2025 को दिन के करीब 11 बजे कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह पड़ोसी से साइकिल लेकर गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। बाद में खोजबीन के दौरान उसकी साइकिल बेडानी मोड़ के पास मिली। इसके बाद अनहोनी की आशंका को लेकर परिजन पिंड्राजोरा थाना पहुंचे और थानेदार अभिषेक रंजन को पूरी जानकारी दी।
माता रेखा देवी ने बताया कि पड़ोसी दिनेश कुमार महतो से उनकी बेटी पिछले दो-तीन वर्षों से मोबाइल पर बात करती थी। ऐसे में उन्हें शक है कि बेटी के गायब होने में दिनेश की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस ने दिनेश से कई बार पूछताछ भी की है और उससे लगातार पूछताछ जारी है। इस बीच पुष्पा के पिता अनंत महतो, जो मजदूरी के लिए झारखंड से बाहर गए हुए थे, बेटी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद वापस लौट आए। दंपति ने मामले को लेकर एसपी Harvinder Singh से मुलाकात की। बाद में उन्होंने जनता दरबार में उपायुक्त Ajaynath Jha के समक्ष भी अपनी बात रखी, जिसके बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रा की तलाश तेज करने का निर्देश दिया।
एसपी Harvinder Singh ने बताया कि पुलिस इस मामले को लेकर बेहद संवेदनशील है। लापता छात्रा की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की कई बार जांच की है। साथ ही तकनीकी टीम को भी लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही पुष्पा को बरामद कर लिया जाएगा।






















Total Users : 835747
Total views : 2547055