लोहरदगा में धान अधिप्राप्ति तेज, अब तक 687 किसानों से खरीदा गया 41 हजार क्विंटल धान
31 मार्च तक चलेगा खरीद अभियान, किसानों को मिल रहा ₹2450 प्रति क्विंटल का लाभ
लोहरदगा। खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत लोहरदगा जिले में धान अधिप्राप्ति का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, जिले में 15 दिसंबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक 687 किसानों से कुल 41,171.00 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। शासन ने इस वर्ष जिले के लिए 2,50,000 क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है।
भुगतान प्रक्रिया में तेजी
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि धान बेचने वाले किसानों को भुगतान करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। अब तक कुल 687 किसानों में से 377 किसानों के खातों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और बोनस की राशि हस्तांतरित कर दी गई है। भुगतान की गई कुल राशि 5,53,63,605.50 रुपये है। प्रशासन का प्रयास है कि धान की तौल के बाद किसानों को अविलंब उनकी उपज का मूल्य प्राप्त हो सके।
प्रति एकड़ 16 क्विंटल की सीमा

योजना के नियमों के तहत किसान अपनी जोत के आधार पर प्रति एकड़ अधिकतम 16 क्विंटल धान बेच सकते हैं। वहीं, एक किसान के लिए बिक्री की अधिकतम सीमा 200 क्विंटल निर्धारित की गई है। सरकार द्वारा इस बार किसानों को ₹2450 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है, जिसे बाजार भाव की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है।
बिचौलियों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की फसल बिचौलियों या खुले बाजार में कम दामों पर न बेचें। किसान अपने नजदीकी लैम्पस (LAMPS) या एफपीओ (FPO) केंद्र पर जाकर सरकारी दर का लाभ उठाएं। धान अधिप्राप्ति का यह कार्य 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगा। वर्तमान में जिले के 4150 पंजीकृत किसान ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से इस प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं।


















Total Users : 1128010
Total views : 2949624