तीन राज्यों की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय अस्मिता और शिक्षा के भविष्य को एक सूत्र में पिरोने वाला अंतर्राज्यीय आयोजन उस वक्त ऐतिहासिक बन गया, जब देश की राष्ट्रपति स्वयं इस मंच से आदिवासी समाज के समग्र विकास और उच्च शिक्षा के लिए बड़ा संदेश देकर लौटीं।
गुमला।
गुमला जिले के मांझा टोली क्षेत्र में, झारखंड–छत्तीसगढ़ राज्य की सीमांत भूमि पर स्थित शंख नदी तट के बैरियर बगीचा में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन हुआ। इस अवसर पर अंतर्राज्यीय जन सांस्कृतिक समागम सह कार्तिक जतरा का भव्य आयोजन किया गया, जहां गुमला जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति की ओर से राष्ट्रपति का गरिमामय स्वागत किया गया।
यह आयोजन महान जनजातीय नेता स्वर्गीय कार्तिक उरांव के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य झारखंड, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा—तीनों राज्यों को मिलाकर शंख नदी के तट पर आदिशक्ति स्वशासी मुक्त विश्वविद्यालय की स्थापना करना है, ताकि सीमांत क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि झारखंड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़—तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री जनजातीय समुदाय से आते हैं। यदि तीनों राज्य सरकारें सकारात्मक पहल करें, तो स्व. कार्तिक उरांव द्वारा देखा गया विश्वस्तरीय आदिवासी स्वशासी विश्वविद्यालय का सपना अवश्य साकार हो सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय निर्माण के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
राष्ट्रपति ने झारखंड की राज्यपाल के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि झारखंड आना उनके लिए तीर्थयात्रा जैसा अनुभव होता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, जतरा टाना भगत, परमवीर अल्बर्ट एक्का, शहीद बख्तर साय, मुंडल सिंह और कार्तिक उरांव को नमन करते हुए जनजातीय समाज के प्रबुद्ध वर्ग से अपने कर्तव्यों को समझने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज भी आदिवासी समाज कई चुनौतियों से जूझ रहा है—कहीं जमीन नहीं, कहीं घर नहीं, तो कहीं लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। सरकार मिशन मोड में इन समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य कर रही है। शिक्षा को उन्होंने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का सबसे सशक्त माध्यम बताया और कहा कि पढ़े-लिखे लोगों को अपने गांवों से जुड़कर विकास की जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्व. कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मंच से आयोजन समिति के संयोजक एवं पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए मांग पत्र सौंपा।
इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, समीर उरांव, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित, एसपी हरीश बिन जमां सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
✍️ रिपोर्ट: News Scale Live – ब्यूरो
📍 गुमला (झारखंड)






















Total Users : 1276908
Total views : 3149412