रविवार सुबह पलामू जिले के मनातू जंगल में पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली। प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी और पुलिस (सुरक्षाबलों) के जवान के बीच भीषण मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली कमांडर मुखदेव यादव को ढेर हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मारे गए नक्सली का शव घटनास्थल से पुलिस टीम ने बरामद भी कर लिया है। ज्ञात हो कि तीन सितंबर की रात पुलिस व नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हो गये थे। उसके बाद से पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही थी। इसी क्रम में रविवार अहले सुबह पुलिस व उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटना स्थल से इंसास राइफल भी बरामद किया है। पुलिस तीन सितंबर के मुठभेड़ में शशिकांत गंझू के दस्ते में मुखदेव यादव भी शामिल था। मुठभेड़ के बाद पुलिस 10 लाख के इनामी टीएसपीसी कमांडर शशिकांत गंझू को लेकर सघन सर्च अभियान शुरू किया है। जिसमें कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस बल संयुक्त रूप से शामिल हैं। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान ही मुठभेड़ हुई।
सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस को देखते ही गोली चलाना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस द्वारा किये गये जवाबी कार्रवाई में मुखदेव यादव मारा गया। इनामी नक्सली की मौत पुलिस टीम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और संगठन से जुड़े अन्य बड़े नक्सलियों को भी जल्द पकड़ा जायेगा या मार गिराया जाएगा। मुठभेड़ में मारे गये नक्सली की पुष्टि वरीय पुलिस अधिकारियों ने की है।