
न्यूज स्केल डेस्क
रांची/चतरा। 15 लाख के इनामी प्लाटून कमांडर सह जोनल कमांडर आक्रमण को पुलिस ने महाकुंभ स्नान से लौटने क्रम में पत्नी संग गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त सूत्रों के अनुसार पुलिस ने उसे जिले के प्रतापपुर और मनातू के रास्ते में गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसकी पत्नी नीलम देवी भी साथ में थी। दोनों महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। हालांकी पुलिस ने आक्रमण और उसकी पत्नी नीलम देवी की गिरफ्तारी की पुष्टि अब तक नहीं की है। उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के 15 लाख के इनामी प्लाटून कमांडर आक्रमण पर टंडवा में लेवी वसूलने आदि आरोप हैं और एनआईए के साथ झारखंड, बिहार, बंगाल व उड़ीसा पुलिस को भी उसकी तलाश थी। आक्रमण ने चतरा जिले के साथ लातेहार व पलामू में भी आतंक मचा रखा था। उपरोक्त जिलों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। ज्ञात हो कि उसकी पत्नी नीलम देवी चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड की एक दशक तक प्रमुख रह चुकी हैं। 2010 और 2015 के पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद, बीते 2022 तक प्रमुख रहीं।