चतरा। हंटरगंज प्रखंड के पाण्डेयपुरा पंचायत अंतर्गत नौकाडीह गांव में एक घर में शनिवार को अचानक आग लगने से घर जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग पीड़ित के घर में अचानक आग लगी गई, घटना के दौरान पीड़ित परिवार अपने पत्नी के साथ खेती करने घर से बाहर गए हुए थे। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक आग ने पूरे घर को जला दिया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग की चपेट में आने से अन्य घरों को बचाया गया। आग लगने से घर में रखा पलंग, बक्सा, कपड़ा, जरुरी कागजात, अनाज सहित अन्य समान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना में पीड़ित जीतेंद्र भारती, पत्नी सुनीता देवी, पिता करधनी भारती व भाई सिकंदर भारती का घर जकर खाक हो गया है। दोनों भाई के सात बच्चे हैं। घर जल जाने के बाद पूरा परिवार खुले आसमान रहने को मजबूर हो गया है। साथ ही ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से दिये जाने वाले उचित मुआवजे की मांग की है।