
न्यूज स्केल संवाददाता
चतरा/टंडवा। शनिवार को चतरा जिले के टंडवा प्रखंड अंतर्गत स्थित एनके एरिया कोयला परियोजना के पास कांटा घर पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई है। फायरिंग के दौरान वहां से भाग रहे व्यक्ति कौशल यादव की पीठ में 2 गोली लगी। कौशल यादव को तत्काल डकरा अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। फायरिंग के बाद पूरे परियोजना का काम बंद कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार
सुबह पिपरवार थाना क्षेत्र के एनके एरिया के पुरनाडीह कोयला परियोजना के कांटाघर पर अज्ञात अपराधियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिससे दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान भाग रहे कौशल यादव की पीठ में 2 गोलियां लग गयीं। दोनों गोली घायल के पीठ में धंसी है। वहीं एनके एरिया में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। एसपी विकास कुमार पांडेय घटना की सूचना मिलते हीं स्वयं एनके एरिया घटनास्थल पर पहुंचकर स्थित का जायजा लिया और कहा कि अपराधी किसी भी स्थिति में वक्से नहीं जाएंगे। वहीं घटना के बाद अपराधिकयों के धर पकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।