खराब मौसम और ठंड के बावजूद समर्थकों के साथ डटे; झामुमो नेता मनोज चंद्रा ने दिया समर्थन, करीब 10 साल से लंबित है नया पुल, जमीन अधिग्रहण में अटका मामला
चतरा/इटखोरी । चतरा जिला मुख्यालय को इटखोरी प्रखंड से जोड़ने वाले बक्सा नदी के जर्जर पुल के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर हाईकोर्ट के अधिवक्ता योगेंद्र यादव का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। वे 21 नवंबर से सत्याग्रह पर बैठे हैं। खराब मौसम, बारिश और ठंड के बावजूद वे समर्थकों के साथ आंदोलन स्थल पर डटे हैं, जहां रविवार को भी दर्जनों समर्थक शामिल हुए।
योगेंद्र यादव का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण इस जर्जर पुल पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अंग्रेजों के जमाने में बने इस पुल से लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं और प्रतिदिन दर्जनों भारी वाहन भी यहां से गुजरते हैं।
झामुमो नेता मनोज चंद्रा रविवार को सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने पुल निर्माण की मांग को जायज और जनहित से जुड़ा गंभीर मामला बताया और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
आंदोलनकारियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि दो दिन बीतने के बावजूद कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जबकि बीडीओ और सीओ का कार्यालय आंदोलन स्थल से महज आधा किलोमीटर दूर है। उनका कहना है कि इतनी अहम समस्या पर प्रशासन की पहल न होना निराशाजनक है।
क्यों अटका है पुल: बक्सा नदी पर नए पुल का निर्माण करीब 10 वर्षों से लंबित है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार जमीन अधिग्रहण नहीं होने से निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है और मामला जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के स्तर पर लंबित बताया जा रहा है।



















Total Users : 1277209
Total views : 3149923