ओम पीजी के जरिए कृषक सखी के नेतृत्व में आयोजन; मुखिया प्रतिनिधि बोले- आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं पंचायत की महिलाएं
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड की बारीसाखी पंचायत के बारीसाखी गांव में शनिवार को जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं के लिए रबी फसल के बीज वितरण का कार्यक्रम हुआ। ओम पीजी (प्रोड्यूसर ग्रुप) के माध्यम से कृषक सखी नीलम कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिला किसान दीदियों को गेहूं, चना, मसूर और सरसों का उन्नत किस्म का बीज दिया गया।
मुख्य अतिथि मुखिया प्रतिनिधि दिनेश भारती रहे। उनके साथ वार्ड सदस्य लक्ष्मण रजक और विजय कुमार रजक मौजूद थे। शुरुआत में महिला किसानों ने अतिथियों का फूल-माला से स्वागत किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन हुआ। इसके बाद अतिथियों और नीलम कुमारी ने संयुक्त रूप से बीज के पैकेट देकर वितरण की शुरुआत की।
कार्यक्रम में ओम पीजी से जुड़ी दीदियों सुषमा देवी, रजनी देवी, कुसुम देवी, हेमा देवी, सविता देवी समेत पंचायत के विभिन्न टोलों से सैकड़ों महिला किसान पहुंचीं। कई महिलाओं ने कहा कि पिछले साल बीज समय पर नहीं मिलने से बुवाई में देरी हुई थी, लेकिन इस बार समय पर बीज मिलने से वे समय से बुवाई कर सकेंगी।
कृषक सखी नीलम कुमारी ने बताया कि इन चारों फसलों की वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर लागत कम और मुनाफा ज्यादा होगा। दिनेश भारती ने कहा कि बारीसाखी पंचायत की महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
















Total Users : 1277212
Total views : 3149929