पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चलेगा विशेष कैंप, ASDD सूची में चिह्नित मतदाताओं का होगा सत्यापन, BLO-BLA-2 की छठी बैठक एवं चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी होगी आयोजित
लोहरदगा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 18 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया जाएगा। कैंप पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक आयोजित होगा।
इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने आज ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष कैंप के दौरान BLO-BLA-2 की छठी बैठक एवं चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी।
कैंप का मुख्य उद्देश्य वैसे पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर देना है, जिन्हें गणना चरण में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया था, लेकिन ASDD सूची में चिह्नित होने के कारण प्रारूप मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं हो पाया है।
कैंप के दौरान ASDD सूची में चिह्नित ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान एवं सत्यापन किया जाएगा, जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं तथा जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है। संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) द्वारा आवश्यक गणना प्रपत्र एवं Annexure-B अथवा Annexure-C (जो भी लागू हो) संबंधित बूथ लेवल एजेंट (BLA) को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके पश्चात संबंधित मतदाताओं से आवश्यक प्रपत्र एवं दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।
सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी। संबंधित नामों को बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा उपस्थित सदस्यों के समक्ष पढ़कर सुनाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जा सकें।

उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे 18 नवंबर को अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें। कैंप के दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर BLO भी उपस्थित रहेंगे।
युवा एवं भावी मतदाताओं के लिए विशेष अवसर
उपायुक्त ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं। SIR-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है।
उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवा एवं भावी मतदाताओं से अपील की है कि वे 18 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर ‘एक और अवसर कैंप’ का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।




















Total Users : 1279380
Total views : 3153404