विद्यालय से चोरी हुए तड़ित चालक व तांबे का तार बरामद, एसपी के निर्देश पर गठित छापामारी दल की त्वरित कार्रवाई, राजपुर थाना क्षेत्र के दो युवक गिरफ्तार
चतरा। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नेयकी हेसाग से तड़ित चालक चोरी मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी गया सामान और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है। यह जानकारी एसडीपीओ चतरा सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने राजपुर थाना में आवेदन देकर जानकारी दी कि 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा को लेकर विद्यालय बंद था। 21 अक्टूबर को विद्यालय के किनारे से देखने पर पता चला कि विद्यालय में लगा एक यूनिट तड़ित चालक तार सहित अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है।

इस संबंध में राजपुर थाना कांड संख्या 81/26, दिनांक 22.10.2026, धारा 305(e) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। कांड दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने त्वरित गति से कार्रवाई करते हुए चोरी गए तड़ित चालक की बरामदगी की और संलिप्त चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से दो तड़ित चालक और करीब चालीस फीट तांबे का तार बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH13L-0454) भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुश कुमार 19 वर्ष, पिता मदन भुईयां और शुधांसु कुमार 19 वर्ष, पिता देवनन्दन भुईयां शामिल हैं। दोनों आरोपी नेयकी हेसाग, थाना राजपुर, जिला चतरा के निवासी हैं। छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रूपेश कुमार (थाना प्रभारी, राजपुर), पुलिस अवर निरीक्षक संदीप प्रसाद वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार सिंह और राजपुर थाना का सशस्त्र बल शामिल था।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव


















Total Users : 1281642
Total views : 3156896