बच्छई मोड़ से सिंघरावां तक तीन किलोमीटर के रास्ते पर आवागमन प्रभावित, एनएचएआई से स्थायी समाधान की मांग
चौपारण (हजारीबाग)। जीटी रोड स्थित सिंघरावां मोड़ पर नवनिर्मित अंडरपास को महज 10-12 घंटे तक चालू रखने के बाद फिर बंद कर दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। अंडरपास के बार-बार चालू और बंद होने से बच्छई मोड़ से सिंघरावां मोड़ होते हुए सिंघरावां तक करीब तीन किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क पर लगने वाले जाम और वाहनों से उड़ती धूल के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
अंडरपास बंद, सड़क पर जाम से परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, अंडरपास का निर्माण पूरा होने के बाद कुछ समय के लिए आवागमन शुरू किया गया था, लेकिन करीब 10-12 घंटे बाद ही इसे फिर बंद कर दिया गया। इससे अंडरपास निर्माण का लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा है। मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या बनी रहती है। वहीं, सड़क किनारे रहने वाले परिवारों को दिनभर उड़ती धूल और गर्द से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि धूल के कारण सांस लेने में भी दिक्कत होती है।
बंद अंडरपास परिसर में नशेड़ियों के जमावड़े का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अंडरपास बंद रहने के दौरान शाम होते ही परिसर में शराब पीने और नशा करने वालों का जमावड़ा लगने लगता है। आसपास बीयर की टूटी बोतलें और नशे में इस्तेमाल होने वाले सामान बिखरे रहने से राहगीरों को परेशानी होती है। इससे दुर्घटना और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

एनएचएआई से स्थायी समाधान की मांग
लगातार बढ़ती परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से अंडरपास की तकनीकी जांच कराने और आवागमन जल्द बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अंडरपास को बार-बार खोलने और बंद करने के बजाय समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को जाम, धूल-गर्द और असामाजिक गतिविधियों से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर अंडरपास को सुचारु रूप से चालू कराने की अपील की है।

















Total Users : 1279247
Total views : 3153203