प्रकाश कुमार ने स्थापित की सोलर आटा चक्की; मुखिया, सांसद प्रतिनिधि और पत्रकार ने किया संयुक्त रूप से उद्घाटन; बिजली पर निर्भरता होगी शून्य, ग्राहकों को मिलेगा सीधा लाभ
चतरा (झारखंड), 20 अक्टूबर 2026: चतरा जिले के कुंदा प्रखंड क्षेत्र में स्वरोजगार की दिशा में एक नई और प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की गई है। इचातु गांव निवासी प्रकाश कुमार ने सोलर सिस्टम से संचालित आटा चक्की मिल स्थापित कर अपना रोजगार शुरू किया है। प्रखंड क्षेत्र में पहली बार सोलर सिस्टम से लैस आटा चक्की मिल शुरू की गई है।
मिल का विधिवत उद्घाटन कुंदा मुखिया मनोज साहू, नवादा मुखिया भरत यादव, सांसद प्रतिनिधि मनोज यादव एवं पत्रकार सह समाजसेवी संतोष यादव ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रकाश कुमार की पहल की सराहना करते हुए इसे स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बिजली पर शून्य निर्भरता, आधी कीमत पर पिसाई
मिल संचालक प्रकाश कुमार ने बताया कि सोलर सिस्टम के माध्यम से आटा चक्की का संचालन किया जाएगा। इससे बिजली पर निर्भरता नहीं होगी और ग्राहकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोगों से गेहूं की पिसाई के लिए सामान्य दर की तुलना में करीब आधी कीमत ली जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को कम खर्च में गेहूं पिसाने की सुविधा उपलब्ध होगी।
“युवाओं को मिलेगी स्वरोजगार की प्रेरणा”
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की पहल से जहां एक ओर युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरणा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा भी मिल सकेगी। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शिक्षक इंद्रदेव यादव, अजय यादव, संतोष यादव, विजय गुप्ता, मुकेश यादव, ग्रामीण सुधीर यादव समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।


















Total Users : 1236552
Total views : 3090232