लोहरदगा के कैरो में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, लड्डू और जलेबी में मिला अखाद्य रंग
साहू होटल और वैष्णवी मिष्ठान भंडार पर 5 हजार रुपये का जुर्माना, असुरक्षित मिठाइयां मौके पर की गईं नष्ट
लोहरदगा। त्योहारों के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को कैरो प्रखंड मुख्यालय में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिष्ठान भंडारों, होटलों, किराना दुकानों, फल-सब्जी के खुदरा एवं थोक विक्रेताओं तथा पूजा पंडालों के आसपास लगे ठेले-खोमचों की जांच की।
जांच के दौरान कई दुकानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया गया। आधा दर्जन दुकानदारों को वैध खाद्य लाइसेंस के बिना दुकान संचालित करने के मामले में नोटिस जारी किया गया। वहीं, मेसर्स साहू होटल की रसोई में साफ-सफाई की व्यवस्था काफी खराब पाई गई। जांच के दौरान यहां लड्डू में अखाद्य रंग की मिलावट भी मिली।
इसी तरह मेसर्स वैष्णवी मिष्ठान भंडार में भी वैध खाद्य लाइसेंस के बिना दुकान का संचालन पाया गया। यहां तैयार किए जा रहे छोले और जलेबी की मौके पर जांच करने पर अखाद्य रंग मिलने की पुष्टि हुई। विभागीय टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में पाए गए असुरक्षित खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया। साथ ही, दोनों प्रतिष्ठानों पर कुल पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
अभियान के दौरान खुदरा एवं थोक व्यापारियों को खाद्य पदार्थों के उचित रख-रखाव और एक्सपायरी सामान के सुरक्षित प्रबंधन की जानकारी दी गई। ठेले-खोमचे संचालकों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ अपने ठेलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
मिष्ठान भंडार संचालकों को बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाइयों, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री में सावधानी बरतने को कहा गया। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पनीर, खोवा, मिल्क केक और अन्य मिठाइयां केवल वैध खाद्य लाइसेंसधारी एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदी जाएं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई सहित विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।





















Total Users : 1233929
Total views : 3086610