बिना लाइसेंस संचालन का आरोप, भारी मात्रा में मोतीचूर के लड्डू और बेसन जब्त; नमूने जांच के लिए भेजे गए
झरिया (धनबाद)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने झरिया के इंदिरा चौक स्थित कांटा घर के पास एक गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान मौके से भारी मात्रा में मोतीचूर के लड्डू और कई बोरी बेसन बरामद किए गए। विभाग ने खाद्य सामग्री को जब्त करते हुए गोदाम को सील कर दिया।
बिना लाइसेंस कारोबार चलाने का आरोप
खाद्य सुरक्षा विभाग से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित गोदाम गौरव और भूदेव से जुड़ा बताया जा रहा है। विभाग का आरोप है कि यहां बिना वैध खाद्य लाइसेंस के बड़े पैमाने पर मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। प्रारंभिक जांच में लड्डुओं में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की आशंका भी जताई गई है। बताया जा रहा है कि इन लड्डुओं की बिक्री ‘जगदम्बा ब्रांड’ के नाम से जिले के विभिन्न बाजारों में की जा रही थी। हालांकि, खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए गए रंगों और उनकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
छापेमारी के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने बताया कि गोदाम बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान लड्डुओं और बेसन के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों में मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील
त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, ताजगी, साफ-सफाई और पैकेट पर अंकित आवश्यक जानकारियों पर ध्यान देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से झरिया के मिठाई कारोबारियों में हलचल है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


















Total Users : 1279432
Total views : 3153476