आईएमए की 10 सूत्री मांगों का समर्थन, 22 अक्टूबर से आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अनिश्चितकालीन हड़ताल
हजारीबाग। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश स्वास्थ्य उपाध्यक्ष एवं हजारीबाग विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. आरसी मेहता ने झारखंड में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए मेडिकल सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की है। उन्होंने क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट अधिनियम के प्रावधानों में बिहार की तर्ज पर बदलाव कर छोटे चिकित्सा संस्थानों को राहत देने की भी अपील की। उन्होंने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की 10 सूत्री मांगों को जायज बताते हुए राज्य सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. मेहता ने कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सुरक्षा की गारंटी मिलने से चिकित्सक बिना किसी भय के मरीजों का इलाज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रभावी मेडिकल सुरक्षा कानून की कमी के कारण बाहर से आने वाले चिकित्सकों को यहां काम करने के लिए प्रोत्साहित करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। कई चिकित्सक नियुक्ति के बाद भी राज्य छोड़ देते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट अधिनियम पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि एकल चिकित्सक द्वारा संचालित एलोपैथी, होम्योपैथी, आयुष और दंत चिकित्सा केंद्रों के लिए भी पंजीकरण अनिवार्य होने से छोटे संस्थानों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। आवश्यक संसाधनों और कर्मचारियों की व्यवस्था के साथ प्रत्येक वर्ष अस्थायी पंजीकरण का नवीनीकरण कराने में भी काफी खर्च होता है। इसका असर अंततः चिकित्सकों, संस्थान संचालकों और मरीजों पर पड़ता है। उन्होंने बिहार की तर्ज पर छोटे चिकित्सा केंद्रों के लिए नियमों में व्यावहारिक राहत देने की मांग की।
डॉ. मेहता ने राज्य में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की स्थायी नियुक्तियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय से पर्याप्त संख्या में नियमित बहाली नहीं होने के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी 15 से 20 वर्षों से अनुबंध पर काम कर रहे हैं और उन्हें आठ हजार से 55 हजार रुपये तक मासिक मानदेय मिल रहा है। उन्होंने ऐसे कर्मियों की सेवा स्थायी करने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही कहा कि नौकरी में सुरक्षा और स्थायित्व की कमी के कारण राज्य में चिकित्सकों को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने बताया कि झारखंड में आईएमए सहित विभिन्न चिकित्सा संगठनों ने 22 अक्टूबर 2026 से आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अनिश्चितकालीन राज्यव्यापी कलम रोको हड़ताल की घोषणा की है। डॉ. मेहता ने कहा कि हड़ताल के कारण आम लोगों, खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि चिकित्सक संगठनों की मांगों पर समय रहते गंभीरता से विचार कर समाधान निकाला जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।



















Total Users : 1279432
Total views : 3153476