Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

कंधे पर निकलती है मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा, आठ दशक पुरानी परंपरा आज भी जीवित

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

बेटी की विदाई की तरह भावुक होता है माहौल; स्टेडियम में लगता है मेला, काली पोखर में होता है विसर्जन

मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड प्रखंड मुख्यालय में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन एक अनूठी परंपरा के साथ किया जाता है। यहां भक्त प्रतिमा को वाहन के बजाय अपने कंधों पर उठाकर ले जाते हैं। इसे देखने आसपास के दर्जनों गांवों के लोग पहुंचते हैं।

प्रतिमा को कंधा देने के लिए बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़ते हैं और हर कोई इसका सौभाग्य पाना चाहता है। कंधे पर प्रतिमा ले जाने की यह परंपरा करीब आठ दशक पुरानी है। ग्रामीणों की मान्यता है कि मां की प्रतिमा को कंधा लगाने से सारे दुख दूर हो जाते हैं।

विसर्जन से पहले अंतिम आरती होती है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसके बाद भक्त गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा को लेकर करीब एक किलोमीटर का सफर तय करते हैं। प्रतिमा को पहले स्टेडियम में रखा जाता है, जहां भव्य मेले का आयोजन होता है। वहां श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर वरदान मांगते हैं। इसके बाद प्रतिमा का स्टेडियम के निकट काली पोखर में विसर्जन किया जाता है।

विसर्जन के दौरान आसपास के गांवों की दर्जनों महिलाएं विदाई गीत गाते हुए प्रतिमा के साथ चलती हैं। दृश्य ऐसा होता है मानो किसी बेटी की विदाई हो रही हो। विदाई की घड़ी भावुक होती है और कई लोगों की आंखें नम हो जाती हैं। जहां अन्य जगहों पर वाहनों से विसर्जन होता है, वहीं मयूरहंड में वर्षों पुरानी यह परंपरा आज भी कायम है।

मंदिर का स्वरूप

समय के साथ गांव का विकास हुआ और ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। इसके बाद प्रतिमा स्थापना के लिए मिट्टी का छोटा मंदिर बनाया गया, जिसे करीब दस वर्ष बाद पक्का स्वरूप दिया गया। पुराना मंदिर जर्जर होने पर करीब आठ वर्ष पहले ग्रामीणों ने मिलकर भव्य मंदिर बनवाया। वर्तमान में मंदिर 1200 वर्ग फीट में बना है, जबकि परिसर का क्षेत्रफल करीब छह हजार वर्ग फीट है।

पूजा की खास पहचान

हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के जगोडीह बसरिया निवासी दिगंबर पांडेय पिछले 55 वर्षों से यहां मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करा रहे हैं। वहीं पिछले दस वर्षों से बंगाल के कारीगर कांति मिस्त्री और शिबू मिस्त्री प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं।

संस्थापकों का योगदान

मयूरहंड में दुर्गा पूजा शुरू करने में पूर्व मुखिया स्व. बद्रीनारायण प्रसाद, पूर्व मुखिया स्व. केदारनाथ सिंह, पूर्व सरपंच स्व. मुरलीधर सिंह, ब्रजकिशोर प्रसाद, आदित्य सिंह, देवनाथ मिस्त्री, टीको राणा, जिछु राणा, प्रयाग राणा, दीना सिंह, चांदो महतो, माथुर साव, भीखन साव, डेगन साव, शिब्दो प्रजापति, गिरधारी राम, मंगर साव, डोमन पासवान और गेंदों रविदास समेत कई ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। इनमें से अधिकांश संस्थापक अब दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी शुरू की गई परंपरा आज भी कायम है।

आयोजन की तैयारी

पूजा समिति के अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह, सचिव संतोष कुमार सिन्हा और कोषाध्यक्ष पिंटू कुमार राणा समेत ग्रामीण आयोजन में जुटे हैं। भव्य पंडाल का निर्माण और सजावट का काम पूरा हो चुका है। मंदिर और आसपास के परिसर को आकर्षक रूप देने की तैयारी की गई है। ग्रामीणों के सहयोग से हर वर्ष पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ होता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

झारखंड: CM ने बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- AI के दौर में हुनर ही है सबसे बड़ी ताकत; पुरुष नर्स और पायलट ट्रेनिंग पर बड़ा ऐलान

सल्फास की जहरीली गैस का कहर: सो रहे थे तीन मासूम, 4 माह के बच्चे की मौत; दो बेहोश

कोल ब्लॉक सर्वे पर बवाल: ग्रामीणों ने कंपनी अधिकारियों को बनाया बंधक, पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल; DIG बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

जेबीवीएनएल का जनसमस्या निवारण शिविर, बिजली बिल, मीटर और ट्रांसफार्मर की शिकायतें लेकर पहुंचे ग्रामीण; कई मामलों का मौके पर निपटारा

उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय में स्वच्छता अभियान और शपथ समारोह, बच्चों ने झाड़ू लगाकर की परिसर की सफाई

बक्सा पुल के लिए सत्याग्रह तीसरे दिन भी जारी, बीडीओ-सीओ के आश्वासन के बाद भी नहीं माने योगेंद्र यादव; 24 घंटे में काम शुरू कराने की बात

Leave a Comment