11 रुपये के चंदे से हुई थी शुरुआत, अब क्षेत्र की आस्था और एकता का प्रतीक; इस बार युवाओं के हाथ में कमान
✍️ मुन्ना कुमार | न्यूज स्केल लाइव, मयूरहंड (चतरा), झारखंड
📅 13 अक्टूबर 2026
मयूरहंड प्रखंड के ढोढ़ी-मंधनिया में शारदीय नवरात्र पर होने वाली मां दुर्गा की पूजा का इतिहास करीब 45 वर्ष पुराना है। वर्ष 1980 में एक झोपड़ी में प्रतिमा स्थापित कर पूजा की शुरुआत हुई थी। आज यह परंपरा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है।
बुजुर्गों की परेशानी से हुई शुरुआत
पूजा शुरू करने का मुख्य उद्देश्य गांव के बुजुर्ग महिला-पुरुषों को दूर के पंडालों तक जाने की परेशानी से बचाना था। उस समय ग्रामीणों को इटखोरी, मयूरहंड और पदमा राजा किला जैसे स्थानों पर पूजा करने जाना पड़ता था। रास्ते में चोरी की घटनाओं से भी लोग परेशान रहते थे। इसके बाद ग्रामीणों ने आपसी बैठक कर गांव में ही पूजा शुरू करने का निर्णय लिया।
इस पहल में तत्कालीन पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। मुखिया बिसंभर प्रसाद सिंह, सरपंच गोविंद प्रसाद सिंह, सारंधर प्रसाद सिंह, सरयू महतो, रामलाल महतो, फागू महतो, भिखखो महतो, कन्नी महतो, रामजीत महतो, देवकी महतो, खगो महतो समेत अन्य ग्रामीणों ने मिलकर पूजा की शुरुआत की। शुरुआत में ग्रामीणों ने मात्र 11 रुपये चंदा जुटाकर आयोजन किया था।
छठे दिन बोली से तय होती है प्रतिमा की सजावट
नवरात्र के छठे दिन मां की प्रतिमा की सजावट के लिए श्रद्धालुओं के बीच बोली लगाई जाती है। यह परंपरा शुरुआत से चली आ रही है। इस वर्ष बोली का सौभाग्य 17 वर्षों बाद ढोढ़ी निवासी कामेश्वर दांगी को मिला। वहीं 12 वर्ष बाद बैजनाथ दांगी और उनकी पुत्री अंजू कुमारी को प्रतिमा निर्माण का अवसर मिला।
2044 तक बुक है नंबर, अब युवाओं के हाथ में कमान
पिछले 25 वर्षों से डीलर बाबूलाल दांगी पूजा समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस बार जिम्मेवारी युवाओं के हाथ में है। वर्तमान अध्यक्ष सुभाष दांगी ने बताया कि प्रतिमा की सजावट के लिए वर्ष 2044 तक नंबर लगा हुआ है, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाता है।
शांतिपूर्ण मेले में उमड़ते हैं श्रद्धालु
ग्रामीणों के सहयोग से शांतिपूर्ण मेले का आयोजन होता है, जिसमें मयूरहंड, इटखोरी, पदमा, कटकमसांडी, चौपारण समेत कई प्रखंडों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। आयोजन को सफल बनाने में सचिव गोपाल दांगी, उमेश दांगी, कोषाध्यक्ष रंजन सिंह, सदस्य रामधारी यादव, शिवकुमार सिंह, रामदेव दांगी, महाबीर यादव, राम दांगी के अलावा मनोज दांगी, बासुदेव दांगी, अरुण दांगी, सकलदेव दांगी, नवीन कुमार पांडेय, बलवंत सिंह, सकलदेव कुमार, ललन दांगी, पिंटू दांगी, उपेंद्र दांगी समेत कई युवाओं की अहम भूमिका रहती है।
📰 भरोसे की पहचान: न्यूज स्केल लाइव



















Total Users : 1282983
Total views : 3159079