हजारीबाग (चौपारण): लोक आस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले चौपारण प्रखंड के दर्जिचक गांव में छठ घाट की सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में अंचल कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने जमकर विरोध जताया और अंचलाधिकारी (सीओ) संजय कुमार यादव को एक ज्ञापन सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की।
धार्मिक आस्था से खिलवाड़ का आरोप
ग्रामीण मनोज पासवान ने बताया कि जिस जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश की जा रही है, वहां वर्षों से पूरा गांव छठ महापर्व के दौरान भगवान भास्कर को अर्घ्य देता आ रहा है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि गांव के ही प्रयाग यादव द्वारा इस सार्वजनिक और सरकारी दस्तावेज में दर्ज जन-उपयोग की भूमि पर जबरन अवैध निर्माण या कब्जा किया जा रहा है।
त्योहार पर मंडराया संकट, जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से दोटूक शब्दों में कहा है कि वे तुरंत जमीन की पैमाइश (नापी) करवाएं और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर समय रहते इस पवित्र स्थल को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो आगामी छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

सीओ ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
इस पूरे मामले पर गंभीरता दिखाते हुए चौपारण के सीओ संजय कुमार यादव ने कहा, “ग्रामीणों की शिकायत को दर्ज कर लिया गया है। धार्मिक और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही राजस्व उपनिरीक्षक (कर्मचारी) को भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर कानून सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”























Total Users : 1222925
Total views : 3071371