पत्रांक XV-43/2026/1780 को प्रशासन ने बताया जाली; सीओ को दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आदेश, किसी भी लेन-देन से बचने की सलाह
टंडवा (चतरा, झारखंड)। चतरा जिले के टंडवा अंचल के कई अधिसूचित मौजा में भूमि अधिग्रहण से जुड़ी जांच और सत्यापन के नाम पर एक फर्जी पत्र फैलाए जाने और उसका गलत इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। उपायुक्त रवि आनंद ने इसे गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया है।
जिला प्रशासन ने बताया पत्र फर्जी
जिस पत्र को प्रसारित किया जा रहा है, उस पर पत्रांक XV-43/2026/1780 और दिनांक 02.07.2026 अंकित है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पत्र पूरी तरह फर्जी है और इसका गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
सीओ को जांच और एफआईआर का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारी, टंडवा को पूरे प्रकरण की जांच करने का निर्देश दिया है। साथ ही फर्जी पत्र बनाने, फैलाने और उसके दुरुपयोग में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।

आम लोगों से अपील: न करें लेन-देन
उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस फर्जी पत्र के आधार पर किसी भ्रम या प्रलोभन में न आएं और किसी के झांसे में आकर कोई आर्थिक लेन-देन न करें। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े किसी भी पत्र या सूचना की सत्यता की पुष्टि संबंधित अंचल कार्यालय या जिला प्रशासन से जरूर कर लें।
ठगी का प्रयास हो तो तुरंत दें सूचना
जिला प्रशासन ने विशेष रूप से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति इस फर्जी पत्र के आधार पर ठगी का शिकार न बने। अगर कोई इस पत्र का हवाला देकर पैसे की मांग करता है या ठगी की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी या पुलिस को दें।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान




















Total Users : 1222930
Total views : 3071382