शांति समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश, विसर्जन में भी रहेगी विशेष सतर्कता
मयूरहंड (चतरा)। शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा को लेकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को मयूरहंड थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक उमेश राम ने की संचालन थाना प्रभारी राहुल दुबे ने किया। बैठक में प्रखंड के मयूरहंड, ढोढ़ी-मधनियां,सोकी,एवं पथरा में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष,सचिव, व कोषाध्यक्ष और सदस्य शामिल हुए।
बैठक में पुलिस निरीक्षक उमेश राम ने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों को स्वयंसेवक तैनात कर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। वहीं, थाना प्रभारी राहुल दुबे ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शराब एवं अन्य नशे के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। शांति व्यवस्था भंग करने और पूजा के दौरान उपद्रव मचाने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा डीजे बजाने में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों ने मेला एवं पूजा पंडालों के बाहर चलंत शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग रखी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस मौके पर सहायक अंचल निरीक्षक रामकृष्ण कुमार, अवर निरीक्षक बिपिन बिहारी सिंह, करमा मुखिया रामनाथ यादव, समाजसेवी अनिल सिंह,संजय सिंह, गोपाल मेहता, अश्विनी सिंह, सुभाष दांगी, मनोज दांगी,रंजन सिंह,लोकेश दांगी,पंकज मेहता, कैलाश साव, विनोद दांगी, राजेंद्र दांगी एवं पिंटू राणा सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।



















Total Users : 1222917
Total views : 3071363