मूलभूत सुविधओं से वंचित करमा बिरहोर टोला में निवास करने वाले आदिम जनजाति,
शिक्षा से आज भी जनजाति हैं दूर, दातुन व रस्सी बेच करते हैं जीविकोपार्जन
मयूरहंड(चतरा) सरकारी स्तर पर लाख दावा किया जाय, मगर आदिम जनजाति बिरहोर आज भी अपने उत्थान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जिले के मयूरहंड प्रखंड मुख्यालय से महज 10 किमी दूर करमा बिरहोर टोला में निवास करने वाले लगभग पैंतिंस घर आदिम जनजाति बरहोर परिवार आजादी के सात दशक बाद भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इतना ही नहीं जिस मकान में बिरहोर परिवार निवास कर रहे हैं, उसकी हालत इतनी जर्जर है कि कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। गरीबी व बदहाली के आलम में गुजर कर रहे करमा बिरहोर टोला के ये आदिम जनजाति लोगों के बीच समुचित रूप से सड़क, बिजली, पानी व रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी घोर अभाव है। करीब 35 घर में डेढ़ सौ की आबादी वाले इस टोले की विकास का अंदाजा इस बात से ही भी लगाया जा सकता है कि इतनी बड़ी आबादी महज एक चापाकल पर आश्रित है। वहीं दिखावे को लेकर तीन चापाकल अधिष्ठापित है, जिसमें दो बेकार पड़ा हुआ है। मुख्य सड़क से टोला तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क तक नहीं है।रोजगार का तो पहले से ही टोटा लगा है, जिस जंगल पर ये बिरहोर परिवार निर्भर थे, अब वह भी सहारा नहीं रहा। सीधे-साधे सरल स्वभाव के बिरहोर परिवार बेरोजगारी व गरीबी के आलम में प्लास्टिक की रस्सी बुनकर, दातुन बेच कर किसी प्रकार गुजर करते हैं।गरीबी के आलम में आज भी कुछ बिरहोर लोग घूम घूम कर लोगों से मदद मांगने को मजबूर हैं। शिक्षा की अभाव शुरू से ही रहा है, टोला में एक एनपीएस स्कूल व एक आंगनबाड़ी केंद्र जरूर है, किंतु जागरूकता के अभाव में यहां के बच्चे पठन-पाठन का समुचित लाभ नहीं उठा पाते। बिरहोर परिवारों के अशिक्षित रहने व जागरूकता के अभाव में कुछ लोग इसका लाभ भी उठा लेते हैं। टोला के लोग मुखर होकर अपने हक व अधिकार की मांग भी नहीं कर पाते। इस बात का अंदाजा इस बात से किया जा सकता है कि एक साल पहले इस बिरहोर टोला में आवास निर्माण तो जरूर हुआ किन्तु उसमें अनियमितता बरती गई। आज भी कुछ लोग सरकारी पेंशन से दूर हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टोला वासियों के नियमित मेडिकल टेस्ट भी नहीं होता। जिसके कारण बच्चे कुपोषण का शिकार हो रहे हैं।


















Total Users : 1279552
Total views : 3153648