करोड़ों की विद्युतीकरण योजना में गड़बड़ी का आरोप, बिजली शुरू होने से पहले ही झुका 11 हजार वोल्ट का तार
लोहरदगा। जिले के किस्को प्रखंड क्षेत्र में चल रहे ग्रामीण विद्युतीकरण कार्य में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। पाखर पंचायत के तीसिया-सलैया गांव में एनसीसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कराए जा रहे 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन विस्तार कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि बिजली आपूर्ति शुरू होने से पहले ही कई स्थानों पर पोल और तार की स्थिति खराब होने लगी है।

ग्रामीणों के अनुसार, तीसिया-सलैया मार्ग पर लगाए गए एक 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से ब्रैकेट टूटकर तार की ओर झुक गया है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर बिजली पोल की नींव तैयार करने में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। पोल गाड़ने के लिए खोदे गए गड्ढों में पर्याप्त मात्रा में कंक्रीट और सीमेंट का इस्तेमाल नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि कई जगह केवल ऊपरी हिस्से में नाममात्र का सीमेंट-कंक्रीट डालकर पोल खड़े कर दिए गए।
ग्रामीणों ने कहा कि योजना का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन निर्माण में लापरवाही बरती गई तो भविष्य में यह गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। विशेषकर सड़क के किनारे झुके बिजली तार और कमजोर पोल से राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।
ग्रामीणों ने पूरे कार्य की उच्चस्तरीय एवं तकनीकी जांच कराने, दोषपूर्ण कार्य को तत्काल दुरुस्त कराने तथा गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति एनसीसी कंपनी और संबंधित विभाग का पक्ष सामने आने तथा तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




















Total Users : 1131263
Total views : 2954040