पश्चिमी सिंहभूम में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, मुकदमे में मदद के नाम पर मांगी थी रक
चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि थाने में दर्ज एक मामले में मदद करने के बदले थाना प्रभारी द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए एसीबी से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि थाने में दर्ज मुकदमे में मदद करने के नाम पर उससे रुपये मांगे जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत में प्रथम दृष्टया सत्यता पाए जाने के बाद ब्यूरो ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
एसीबी की तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर थाना प्रभारी के पास भेजा गया। गुरुवार को दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही थाना प्रभारी ने कथित तौर पर 15 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी अधिकारी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

थाना प्रभारी स्तर के पुलिस अधिकारी की रिश्वत लेते गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पश्चिमी सिंहभूम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीबी की इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि उन्हें एसीबी की कार्रवाई की जानकारी मिली है और मामले की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि एसीबी की कार्रवाई में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एसीबी मामले की आगे जांच कर रही है। रिश्वत से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की अंतिम पुष्टि जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।




















Total Users : 1131237
Total views : 2954009