15 लाख के इनामी मदन महतो समेत तीन नक्सली दबोचे गए, नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में तेज हुई जांच
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान कुल 22 लाख रुपये के तीन इनामी हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, पांच लाख रुपये का इनामी सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन उर्फ रवि तथा दो लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मीना पहाड़िया शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से जिले में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी एवं एसएसबी कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली कांड्रा एवं चौका थाना क्षेत्र के जंगलों के रास्ते आवाजाही करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और पुलिस व सुरक्षा बलों ने संभावित मार्गों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में छापेमारी कर पांच लाख रुपये के इनामी हार्डकोर नक्सली सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन उर्फ रवि को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा इलाके में कार्रवाई करते हुए 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मदन महतो और दो लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मीना पहाड़िया को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों नक्सली लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थे और विभिन्न नक्सली गतिविधियों में उनकी संलिप्तता की जांच चल रही थी। राज्य सरकार ने इन तीनों पर कुल 22 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों, हथियारों की आपूर्ति और हाल की गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिले में अब सक्रिय नक्सलियों की संख्या काफी कम रह गई है और वर्तमान में करीब आधा दर्जन नक्सली ही सक्रिय हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शेष नक्सलियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
एसपी ने विश्वास जताया कि यदि इसी तरह अभियान जारी रहा तो निकट भविष्य में सरायकेला-खरसावां जिले को नक्सल मुक्त घोषित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिल सकती है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



















Total Users : 1277429
Total views : 3150204