*विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 2 लाख गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण, शेष मतदाता अगले 2-3 दिनों के भीतर भरकर जमा करें गणना प्रपत्र : उपायुक्त*
——————
*5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु समय पर प्रपत्र जमा करना आवश्यक*
==============
*लोहरदगा।*

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में लोहरदगा जिले के 72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में भी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराने का कार्य शत-प्रतिशत सम्पन्न हो चुका है जबकि उनसे भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करने तथा उनके डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने जानकारी दी कि 72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में कुल लगभग 2.93 लाख मतदाता हैं। इनमें से अब तक लगभग 2 लाख मतदाताओं के भरे हुए गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह जिले के निर्वाचन कार्य में लगे बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा अन्य पदाधिकारियों के सतत प्रयासों का परिणाम है।
उपायुक्त ने जिले के शेष पात्र मतदाताओं से पुनः अपील करते हुए कहा है कि जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र प्राप्त तो कर लिया है, लेकिन अब तक उसका भरा हुआ प्रपत्र संबंधित बीएलओ को वापस नहीं सौंपा है, वे अगले 2 से 3 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से अपना गणना प्रपत्र भरकर अपने बीएलओ के पास जमा कर दें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अब अंतिम चरण में है और समय पर गणना प्रपत्र जमा करना अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। ऐसे में सभी पात्र मतदाता इस कार्य को प्राथमिकता दें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने गणना प्रपत्र को भरकर जमा करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि गणना प्रपत्र भरने में यदि किसी प्रकार की समस्या या तकनीकी कठिनाई आती है, तो संबंधित मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (ERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी अथवा पीडी आईटीडीए-सह-वरीय पदाधिकारी (निर्वाचन), लोहरदगा से भी संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के अन्य मतदाताओं को भी गणना प्रपत्र भरकर समय पर जमा करने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।






















Total Users : 1080073
Total views : 2883241