श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आज निकलेगी भव्य रथयात्रा
गुमला। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार अहले सुबह से ही गुमला के करौंदी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर गुमला के जमींदार परिवार के सदस्यों ने भी मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और भगवान श्री जगन्नाथ को भोग अर्पित किया। उन्होंने राज्य एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रभु से प्रार्थना की। इस दौरान बड़ाइक केडीएन सिंह, मंदिर के पुरोहित अनुज कुमार मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भव्य रथ पर सवार होकर ठाकुरबाड़ी से मौसीबाड़ी तक नगर भ्रमण करेंगे। इस ऐतिहासिक रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होकर रथ की रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। मान्यता है कि रथ खींचने से भगवान श्री जगन्नाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
रथयात्रा के साथ लगने वाला पारंपरिक मेला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, नागपुरी गीत-संगीत, मिठाइयों की दुकानें, खिलौने तथा अन्य मनोरंजन के अनेक साधन सजाए गए हैं। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह के इस अद्भुत संगम को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुमला पहुंच रहे हैं। रथयात्रा को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में इस ऐतिहासिक पर्व में भाग ले सकें।




















Total Users : 1078319
Total views : 2880838