Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

राजस्व वसूली में तेजी लाने और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

प्रमंडलीय आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, SIR-2026 और DMFT योजनाओं की प्रगति भी परखी; लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र व दिव्यांग को ट्राइसाइकिल सौंपी

चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रहण, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से संचालित योजनाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने खनन, उत्पाद, मत्स्य, नगर परिषद, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित अनुश्रवण एवं प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।

अवैध खनन व ओवरलोड वाहनों पर सख्ती के निर्देश

समीक्षा के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण की रोकथाम के लिए लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को स्कूली वाहनों सहित सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

SIR-2026 की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इन्यूमरेशन (गणना) चरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

DMFT योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर

जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण, सड़क सुरक्षा, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा विकास योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।

लाभुकों को वितरित किए स्वीकृति पत्र और ट्राइसाइकिल

बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के लाभुकों के बीच सहायता सामग्री एवं स्वीकृति पत्र का वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत तीन पात्र लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। वहीं चतरा नगर क्षेत्र के दरजीबघा निवासी दिव्यांग लाभुक मोहम्मद शोएब को आवागमन में सुविधा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्राइसाइकिल प्रदान की।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभुकों को बिना विलंब योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक एवं कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment