बच्चों को बांटी गई होम्योपैथिक दवाएं, योगाभ्यास के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गोमें में सोमवार को स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुष चिकित्सक डॉ. महबूब आलम एवं योग प्रशिक्षक अनुज कुमार ने बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और योग के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर डॉ. महबूब आलम ने विद्यार्थियों के बीच होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बीमारियों को भी कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर राजकीय यूनानी औषधालय, प्रतापपुर में पहुंचकर नि:शुल्क उपचार एवं दवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और निरोग रहना समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में पहुंचकर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अनुज कुमार ने विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने ताड़ासन, त्राटक सहित कई महत्वपूर्ण योगासन एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत रहता है तथा पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है। बच्चों ने भी प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण स्वास्थ्य एवं योग के संदेश से प्रेरणादायक बना रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक हृदय यादव, शिक्षक संकज कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।























Total Users : 1043853
Total views : 2832524