दिव्यांग व अनाथ विद्यार्थियों को मिलेगी नि:शुल्क शिक्षा, साप्ताहिक व मासिक टेस्ट से होगी प्रगति की निगरानी
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित रामपुर रोड पर हीरो-होंडा शोरूम के समीप नवस्थापित स्टूडेंट कोचिंग सेंटर का उद्घाटन सोमवार को सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक राजबल्लभ पांडेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल बताया।
संस्थान के प्रिंसिपल विकास कुमार एवं डायरेक्टर आशीष कुमार यादव ने बताया कि कोचिंग सेंटर में कक्षा 1 से 10वीं तक सीबीएसई बोर्ड तथा कक्षा 7वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को सभी विषयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों द्वारा प्रदान की जाएगी। छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग से विशेष कक्षाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रत्येक छात्र अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन कर सके। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित आकलन करने के लिए साप्ताहिक एवं मासिक परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।
दिव्यांग और अनाथ बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा
कोचिंग सेंटर की विशेष पहल के तहत दिव्यांग एवं अनाथ विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। संस्थान प्रबंधन ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल व्यवसाय करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। इस अवसर पर शिक्षा प्रेमियों, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए लाभदायक बताया।























Total Users : 1043863
Total views : 2832534