Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, भाई-भाभी समेत चार गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

भूमि विवाद और कथित प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, गला दबाकर की गई थी देवचरण की हत्या

हंटरगंज (चतरा)। संवाददाता

हंटरगंज थाना क्षेत्र के सेलवार गांव में हुए चर्चित देवचरण यादव हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही परिवार के सदस्यों ने रची थी।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्य, तकनीकी अनुसंधान और पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि देवचरण यादव की गला दबाकर हत्या की गई थी।

पुलिस ने मामले में मृतक के भाई कामदेव यादव, भाभी बिंदु देवी, भतीजे विकास यादव और भतीजी प्रियंका देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों के अनुसार परिवार में लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। इसके अलावा कथित प्रेम प्रसंग को लेकर भी तनाव था। इन्हीं कारणों से चारों ने मिलकर देवचरण यादव की हत्या की साजिश रची और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। (यह जानकारी पुलिस के प्रारंभिक खुलासे और पूछताछ पर आधारित है। मामले का अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा।)

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देशन तथा हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का त्वरित उद्भेदन किया।

उन्होंने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस हत्याकांड के उद्भेदन में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार एवं सब इंस्पेक्टर नवीन चंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment