पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, मेडिकल जांच के लिए भेजी गई युवती
न्यूज स्केल लाइव
चतरा (टंडवा)। टंडवा प्रखंड क्षेत्र के एक गांव में एक 18 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का बेहद सनसनीखेज और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घटना की लिखित सूचना भुक्तभोगी के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने को दिए जाने के बाद, चतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों नामजद आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा है।
इंस्पेक्टर पप्पू शर्मा के नेतृत्व में हुई त्वरित छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के कुशल नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के पचड़ा गांव निवासी अर्जुन साव एवं बिहार के रहने वाले कन्हैया कुमार के रूप में की गई है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया और चिकित्सीय जांच पूरी करने के बाद बुधवार को दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, भुक्तभोगी युवती को सुरक्षित अभिरक्षा में लेते हुए नियमानुसार उसका मेडिकल चेकअप (चिकित्सीय परीक्षण) कराया जा रहा है।
सोमवार शाम को सुनसान जगह पर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की मां के लिखित बयान के आधार पर टंडवा थाने में सुसंगत व कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घिनौनी वारदात सोमवार की शाम को घटित हुई थी। पीड़िता अपने घर के पास खेल रही थी, इसी दौरान पेशे से ड्राइवर अर्जुन साव एवं कोयला लिफ्टर का काम करने वाले कन्हैया कुमार ने कथित तौर पर उक्त मानसिक विक्षिप्त युवती को अकेला पाकर एक सुनसान जगह पर ले गए और उसे अपनी हवस का शिकार बनाया।
ढूंढने निकली मां को डरी-सहमी मिली बेटी
शिकायतकर्ता मां के अनुसार, जब उन्होंने अपनी बेटी को काफी देर तक आस-पास नहीं देखा, तो वे चिंतित होकर उसे ढूंढने के लिए घर से बाहर निकलीं। कुछ दूर आगे जाने पर उन्हें उनकी बेटी अत्यंत डरी और सहमी हुई स्थिति में मिली। जब परिजनों को इस जघन्य वारदात की पूरी जानकारी हुई, तो उन्होंने बिना देर किए सीधे टंडवा थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और कमजोर वर्ग के खिलाफ अपराध करने वाले तत्वों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित कराई जाएगी।






















Total Users : 1036716
Total views : 2822637