अनुमंडल प्रशासन के नियमों की उड़ रही धज्जियां; जाम और दुर्घटनाओं से सहमे लोगों ने घेरे तीन हाइवा; थाना प्रभारी ने वाहनों को किया जब्त, तैनात चौकीदार पर होगी कार्रवाई
न्यूज स्केल लाइव
हंटरगंज (चतरा): चतरा जिले के हंटरगंज बाजार में भारी वाहनों के कारण लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं और नो-एंट्री के बावजूद धड़ल्ले से गुजर रहे भारी वाहनों के खिलाफ स्थानीय जनता का आक्रोश अब ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा है। नो-एंट्री के नियमों को ताक पर रखकर भारी वाहनों को प्रवेश कराने की इस व्यवस्था ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और ईमानदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विदित हो कि हंटरगंज बाजार क्षेत्र को भीषण जाम से निजात दिलाने और बेलगाम भारी वाहनों से होने वाली असमय मौतों पर लगाम लगाने के लिए अनुमंडल प्रशासन द्वारा एक कड़ा नियम बनाया गया है। इसके तहत हंटरगंज थाना क्षेत्र के सोहाद से लेकर जोरी थाना क्षेत्र के मुरैनवा तक चतरा-डोभी मुख्य पथ पर सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई है। इसके बावजूद हंटरगंज में इस नियम की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश निर्बाध रूप से जारी है।
राहगीरों और कोचिंग के बच्चों का जीना मुहाल, पिछले हफ्ते भी हुआ था विरोध
नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के घुसने से बाजार में हर समय भयंकर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आम जनता की परेशानियां चरम पर पहुंच गई हैं। सबसे ज्यादा जान का जोखिम कोचिंग और स्कूलों में पढ़ रहे छोटे-छोटे बच्चों को उठाना पड़ रहा है। इस जानलेवा कुव्यवस्था को लेकर पिछले सप्ताह भी स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था, लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नहीं की गई।
रविवार सुबह फूटा जनता का गुस्सा, पुलिस के खिलाफ लगे ‘मुर्दाबाद’ के नारे
इसी लापरवाही के बीच रविवार की सुबह नो-एंट्री समय लागू होने के बावजूद सोहाद की ओर से तीन गगनचुंबी हाइवा अचानक हंटरगंज बाजार में घुस गए। हाइवा के आते ही बाजार में लंबा जाम लग गया, जिसके बाद स्थानीय आक्रोशित लोगों का सब्र टूट गया। जनता ने तीनों वाहनों को बीच बाजार में ही घेर लिया और चालकों से तीखी बहस व हाथापाई शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस को देखते ही जनता का गुस्सा और भड़क गया तथा लोग सड़क पर ही ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाने लगे।
भीषण हादसा: पेट्रोल भरवाकर लौट रहे युवा बर्तन कारोबारी को ट्रक ने कुचला, मौके पर ही मौत
हाइवा चालक का लाइव कबूलनामा— ‘₹100 की रिश्वत देकर घुसे हैं अंदर’
हंगामे के दौरान जब आक्रोशित नागरिकों ने हाइवा चालकों से कड़ाई से पूछा कि नो-एंट्री होने के बावजूद वे बाजार में कैसे घुसे, तो एक चालक ने पुलिस प्रशासन की पोल खोलकर रख दी। चालक ने ऑन-कैमरा गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि नाके पर तैनात कर्मियों द्वारा ₹100 की रिश्वत लेकर उनके हाइवा को नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति दी गई थी।
इस शर्मनाक खुलासे के बाद हंटरगंज की जनता और ज्यादा उग्र हो गई। स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी अपने निजी स्वार्थ और चंद रुपयों की लालच के लिए पूरी यातायात व्यवस्था और नागरिकों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पुलिस के सामने से बेखौफ होकर गुजरने वाले इन भारी वाहनों पर कोई कार्रवाई न होना इस साठगांठ की पुष्टि करता है।
थाना प्रभारी ने तीनों हाइवा को किया जब्त, बैरिकेडिंग लगाने की उठी मांग
बढ़ते बवाल को देखते हुए थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों हाइवा वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया, जिसके बाद ही आक्रोशित लोग शांत हुए। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को सुझाव देते हुए कहा कि यदि नो-एंट्री प्वाइंट पर मजबूत लोहे की बैरिकेडिंग (ब्रेकटिंग) लगा दी जाए, तो चाहकर भी कोई भारी वाहन नो-एंट्री में प्रवेश नहीं कर पाएगा। इससे वाहनों की गति सीमा पर भी स्वतः अंकुश लग सकेगा।
तैनात चौकीदार नपेगा, उच्चाधिकारियों से होगी अनुशंसा: थाना प्रभारी
मामले पर जानकारी देते हुए हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि रविवार को तीन भारी वाहन जबरन नो-एंट्री क्षेत्र में घुस आए थे, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया है और इन सभी वाहनों का भारी-भरकम सरकारी चालान काटा जाएगा। थाना प्रभारी का आधिकारिक बयान: “रिश्वतखोरी और लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। नो-एंट्री प्वाइंट पर ड्यूटी में कोताही बरतने वाले तैनात चौकीदार के खिलाफ अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई हेतु वरीय अधिकारियों (एसपी) से लिखित अनुशंसा की जाएगी। अगले बार से इस रूट पर पुलिस का विशेष पहरा रहेगा और अनुमंडल प्रशासन के नो-एंट्री के आदेश का शत-प्रतिशत व कड़ाई से पालन कराया जाएगा।”




















Total Users : 1007115
Total views : 2782204