विश्व पर्यावरण दिवस पर लोहरदगा को बड़ी सौगात, बक्सीडिप्पा में भव्य ‘जैव विविधता उद्यान’ का लोकार्पण
लोहरदगा के पर्यावरण और पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित होगा : सांसद
लोहरदगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लोहरदगा जिले को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। लोहरदगा वन प्रमंडल द्वारा स्थानीय बक्सीडिप्पा में ‘मेरी लाइफ’ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) अभियान के तहत निर्मित भव्य ‘जैव विविधता उद्यान’ (बायोडायवर्सिटी पार्क) का विधिवत लोकार्पण किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत, उपायुक्त संदीप कुमार मीना, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) राज महेश्वरम और वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) अभिषेक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
लोहरदगा के डीएफओ अभिषेक कुमार ने बताया कि यह पार्क क्षेत्र की प्राकृतिक वनस्पतियों, औषधीय पौधों, जीव-जंतुओं के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देने में एक मील का पत्थर साबित होगा। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने वनों की अंधाधुंध कटाई पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “यदि पेड़-पौधों की कटाई इसी तरह जारी रही, तो आने वाले समय में हमें इसके गंभीर दुष्परिणाम भुगतने होंगे, जिसका सीधा असर वर्षा चक्र और मौसम पर पड़ेगा।” उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने खेतों, बाड़ियों और घरों के आसपास आम, जामुन और अमरूद जैसे फलदार पौधे लगाएं। सांसद ने आगे कहा, “प्रकृति एक चक्रीय व्यवस्था के तहत कार्य करती है, जहां जैव विविधता (बायोडायवर्सिटी) का बने रहना अनिवार्य है। सरकार भी वृक्षारोपण को लगातार बढ़ावा दे रही है। हमारा यह संकल्प होना चाहिए कि परिवार में किसी का जन्मदिन हो, राष्ट्रीय पर्व हो या कोई भी शुभ अवसर, हम एक पौधा अवश्य लगाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि यह नव्य-भव्य पार्क लोहरदगा के पर्यावरण और पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित होगा।”इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उपाध्यक्ष बिनोद उरांव, जिप सदस्य राधा तिर्की, संदीप कुमार गुप्ता, आईटीडीए निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, निश्चय वर्मा, आलोक साहू, वनरक्षी किशोर नंद कुमार, विक्की कुमार मेहता, मुकेशचंद्र प्रजापति, पंकज सिंह, प्रदीप साहू समेत वन विभाग के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।






















Total Users : 1004383
Total views : 2778325