समीक्षा बैठक में उपायुक्त सौरभ भुवानिया का कड़ा निर्देश— नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देना प्रशासन की पहली प्राथमिकता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
न्यूज स्केल लाइव, देवघर
देवघर: बाबा नगरी देवघर शहर में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था और कचरे के अंबार को लेकर लगातार मिल रही जन-शिकायतों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। देवघर उपायुक्त (DC) सौरभ भुवानिया ने नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की कार्यशैली पर गहरा असंतोष जताते हुए उन्हें जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करने का कड़ा आदेश जारी किया है। यह सख्त निर्देश उपायुक्त ने देवघर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत साफ-सफाई व्यवस्था और कचरा उठाव की समीक्षा हेतु बुलाई गई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान दिया।
नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देना प्राथमिकता: डीसी
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े शब्दों में हिदायत देते हुए उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने कहा कि देवघर एक विश्वप्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहाँ हर दिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा: “आम नागरिकों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण देना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
लापरवाही मिलने पर सीधे होगी दंडात्मक कार्रवाई
उपायुक्त ने नगर निगम के पदाधिकारियों और सफाई का जिम्मा संभाल रही संवेदक एजेंसियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्रवार नियमित रूप से कचरे का उठाव और उसका सही तरीके से निष्पादन (Disposal) सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी शहर के किसी भी वार्ड या मुख्य मार्ग पर गंदगी पाई गई या कचरा निष्पादन में लापरवाही की शिकायत सामने आई, तो संबंधित वार्ड के जिम्मेदार अधिकारियों और कार्य कर रही एजेंसी के खिलाफ सीधे तौर पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद नगर निगम महकमे में हड़कंप का माहौल है।



















Total Users : 1282622
Total views : 3158523