अफवाहों से बचने की अपील, प्रशासन ने कहाकृशांतिपूर्ण आयोजन में जनता का सहयोग जरूरी
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया थाना परिसर में बुधवार को रामनवमी-सरहुल और ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद, अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय सहित जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि सभी लोग पर्व को आपसी भाईचारे और समन्वय के साथ मनाएं। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। बीडीओ ने कहा कि सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं, यही हमारी परंपरा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। अंचल अधिकारी ने भी लोगों से कानून-व्यवस्था का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें। वहीं महासमिति अध्यक्ष विनोद बिहारी पासवान ने कहा कि सभी पूजा समितियां प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का संकल्प लेंगी। उन्होंने लोगों से भाईचारा और एकता का संदेश फैलाने की अपील की। बैठक में दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर शांतिपूर्ण आयोजन का संकल्प लिया।






















Total Users : 853289
Total views : 2571254