गुमला।
सदर थाना परिसर में रविवार को पुलिस परिवार के लिए एक नई और सकारात्मक सौगात जुड़ गई। पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमाँ ने नव निर्मित किचन हाउस का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर थाना परिसर उत्सव का केंद्र बना रहा, जहां आम नागरिकों से लेकर विशिष्ट अतिथियों तक ने किचन हाउस में तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लिया।
इस किचन हाउस के निर्माण में पुलिस इंस्पेक्टर सह सदर थाना गुमला प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली की भूमिका सराहनीय रही। थाना का प्रभार संभालने के बाद उन्होंने देखा कि पुलिस मेस में भोजन बनाने और खाने की व्यवस्था जर्जर स्थिति में है, जिससे पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपने निजी खर्च से आधुनिक किचन हाउस का निर्माण कराया। साथ ही समाज के कई लोगों ने भी स्वेच्छा से सहयोग कर इस पहल को मजबूती दी।
उद्घाटन समारोह के दौरान एसपी हारिश बिन जमाँ ने मंच से थाना प्रभारी की खुले तौर पर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता तभी बेहतर होती है, जब उन्हें बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों। अपने निजी खर्च और सामाजिक सहयोग से किचन हाउस का निर्माण कराना एक अनुकरणीय पहल है, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और उनके कार्य के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत होगी।
एसपी ने यह भी कहा कि पुलिसिंग केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ समाज के लिए कार्य करना ही सच्ची पुलिसिंग है। ऐसे प्रयास अन्य थाना प्रभारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, सार्जेंट अभिमन्यु, मुंसी सगीर, महिला थाना प्रभारी अंकिता साहू, हेमा, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष कलीम अख्तर, जमील अख्तर, इंजीनियर मो. इमाम, दामोदर कसेरा, अभिनव काबरा, बबलू वर्मा, मो. मिन्हाज, मो. शादाब समेत सैकड़ों गणमान्य नागरिक और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि थाना प्रभारी का यह कदम पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे को और मजबूत करेगा। समारोह के अंत में अतिथियों ने किचन हाउस का निरीक्षण किया और इसे पुलिस परिवार के लिए उपयोगी व स्थायी सौगात बताया।
कुल मिलाकर सदर थाना परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक भवन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेहतर पुलिसिंग, संवेदनशील नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।




















Total Users : 841689
Total views : 2555161