
लोहरदगा में नाबालिक युवक को तीन साल कारावास की सजा, किशोर न्याय बोर्ड ने सुनाया फैसला
न्यूज स्केल टीम
लोहरदगा। किशोर न्याय बोर्ड लोहरदगा के प्रधान न्यायाधीश जयास्मिता कुजूर की अदालत ने शुक्रवार को न्यायिक सुनवाई के पश्चात 15 वर्षीय नाबालिक आरोपी को तीन साल की सजा का फैसला सुनाया है। आरोपित नाबालिक युवक पर 366 ए एवं 376 के आरोप प्रमाणित होने पर पांच पांच हजार की अतिरिक्त अर्थदंड की सजा मिली है। इस संदर्भ में सहायक लोक अभियोजक चंदन राम गोंझु ने बताया कि, भंडारा थाना कांड संख्या 23/ 2021 में पीड़िता के परिजनों ने नाबालिक आरोपित युवक के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज किया था। सहायक लोक अभियोजक चंदन राम गोंझु ने बताया कि, भंडरा थाना क्षेत्र की रहने वाली 12 वर्षीय नाबालिक युवती अपने घर से पुस्तक खरीदने के लिए निकली थी। रास्ते में 15 वर्षीय आरोपित नाबालिक युवक बलपूर्वक उसे अपने साथ लेकर रांची चला गया। रांची के एक होटल में तीन-चार दिनों तक नाबालिक पीड़िता को अपने साथ रखा था। इस दौरान आरोपित युवक कई बार पीड़िता से दुष्कर्म कर सेक्सुअल हरासमेंट किया। मामले की भनक मिलने पर पीड़िता के परिजनों ने भंडरा थाना में मामला दर्ज कराया था।
अदालत ने दुष्कर्म के आरोपी को बीस साल की सुनाई सजा
लोहरदगा। लोहरदगा में एडीजे वन अखिलेश कुमार तिवारी की कोर्ट ने शुक्रवार को दुष्कर्म के आरोपी युवक अशरफ़ अंसारी को बीस साल की सजा का फैसला सुनाया। इस मामले पर लोक अभियोजक मिनी लकड़ा ने बताया कि, आरोपित युवक किस्को थाना के नवाडीह में गाय के गौशाला में मूक बधिर युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंज़ाम दिया था। फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी अशरफ़ अंसारी को पूरे मामले में आरोपी मानते हुए बीस साल की सजा का फैसला सुनाया। अदालत ने 20 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। आरोपी पहले से ही जेल में बंद हैं।
कैटिगरी वन बालू घाट से संबंधित कार्यशाला का आयोजन
लोहरदगा। जिला परिषद लोहरदगा के सभागार में कैटिगरी वन बालू घाट से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया । इस बैठक में जिला खनन पदाधिकारी लोहरदगा राजाराम प्रसाद, लोहरदगा जिला के कई अंचलाधिकारी सहित कई पंचायतो के मुखिया उपस्थित हुए ।इस मौके पर जिला खनन पदाधिकारी राजाराम प्रसाद ने बालू घाटों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया ।साथ ही साथ किस बालू घाट से संबंधित पंचायत की मुखिया के द्वारा आदेश अनुसार बालू की निकासी की जा सकेगी। साथ ही साथ संबंधित अंचलाधिकारी के दिशा निर्देश के आलोक में बालू घाटों से बालू की निकासी होगी किसी भी शर्त में बालू की अवैध कारोबार एवं अवैध निकासी नदियों से नहीं की जा सकेगी। इस मौके पर जिला खनन पदाधिकारी राजाराम प्रसाद, कुडू अंचलाधिकारी मधुश्री मिश्रा सहित जिले एवं अंचल के कई पदाधिकारी चिरी पंचायत के मुखिया रामेश्वर लोहरा, सलगी पंचायत के मुखिया सुमित्रा उरांव, बड़की चापि पंचायत के उप मुखिया हेना तिवारी सहित विभिन्न पंचायत के मुखिया उपस्थित थे।
शौर्य सभा एवं गीता जयन्ती कार्यक्रम 15 को
कैरो / लोहरदगा रू विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल लोहरदगा के तत्वावधान मे कैरो प्रखंड मुख्यालय पर दुर्गा मंडप भवन पर 15 दिसंबर रविवार को शौर्य सभा एवं गीता जयन्ती कार्यक्रम आयोजित की गई है। शौर्य सभा गीता जयन्ती कार्यक्रम में विहिप प्रदेश से स्वामी कृष्ण चौतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज, विभाग मंत्री केशवचंद्र साय, संगठन मंत्री कार्तिक विश्वकर्मा मुख्य रुप से उपस्थित रहेंगे। रविवार को आयोजित शौर्य सभा एवं गीता जयन्ती कार्यक्रम में मुख्य रूप से परिषद के सांगठनिक विन्दुओं एवं वर्तमान समय में बांग्लादेश में हो रहे हिन्दूओ पर अत्याचार, शोषण, उत्पीड़न के खिलाफ सभा में भावी रूपरेखा तय की जायेगी।
सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रुप से घायल
भंडरा । चट्टी-नगजुआ मुख्य पथ में ब्राह्मणडीहा गांव के समीप शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिसे स्थानीय ग्रामीणों की मदद से भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कैरो थाना क्षेत्र के चालहो गांव निवासी रमेश उरांव (27 वर्ष) अपनी मोटर साइकिल से पत्नी तेजमनी उरांव (25 वर्ष) के साथ बेड़ों जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे मोटर साइकिल सवार हजारीबाग निवासी नागेश्वर राणा के पुत्र निर्मल राणा (43 वर्ष) ने टक्कर मार दी। इससे दोनों मोटर साइकिल में सवार तीन लोग घायल हो गए। जिसे स्थानीय ग्रामीणों द्वारा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया गया।
बाइक दुर्घटना में दो घायल, एक गंभीर
कुडू – लोहरदग़ा रू कुडू लोहरदगा मुख्य पथ एनएच143 ए कुडू थाना क्षेत्र के कडाक गांव के समीप गुरुवार रात्रि करीब साढ़े सात बजे बाइक दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। जिसमें से एक को रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार लोहरदगा की ओर से लौट रही बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इसमे बाइक सवार कुडू के जिमा निवासी बुदुआ मुंडा का 22 वर्षीय पुत्र छोटे मुंडा, और नवाटोली निवासी तेंबु उरांव का 21 वर्षीय पुत्र संदीप उराव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को कुडू सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हेड इंजुरी होने के कारण छोटे मुंडा को रेफर कर दिया गया।