चौपारण (हजारीबाग)। स्थानीय प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल में असामाजिक तत्वों की बढ़ती हरकतों से छात्राओं की सुरक्षा और स्कूल के माहौल पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। विद्यालय परिसर में लगातार हो रही शराबबाजी, गंदगी और तोड़फोड़ से परेशान होकर स्कूल प्रबंधन ने आखिरकार पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले में चौपारण थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपकर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
थाने को दिए गए आवेदन में स्कूल प्रबंधन और प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया है कि कुछ शरारती और असामाजिक तत्व रात के अंधेरे में स्कूल परिसर को अपना ठिकाना बना लेते हैं। ये लोग न केवल वहाँ बैठकर शराब पीते हैं, बल्कि खाली बोतलें भी परिसर में ही फेंक देते हैं। इतना ही नहीं, स्कूल की दीवारों पर बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्द लिखे जा रहे हैं, जिससे स्कूल की गरिमा और शैक्षणिक माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है।
प्रबंधन ने पुलिस को यह भी बताया कि परिसर में बने पुराने और जर्जर भवनों की खिड़कियों, दरवाजों और ईंटों को भी नुकसान पहुँचाया जा रहा है। छात्राओं के स्कूल में इस तरह की गतिविधियों से शिक्षक और अभिभावक दोनों ही बेहद चिंतित हैं।

स्कूल प्रशासन ने पुलिस से मांग की है कि परिसर में रात के समय गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए, इन असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए और माहौल खराब करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रबंधन को उम्मीद है कि पुलिस की मुस्तैदी से जल्द ही छात्राओं के लिए एक सुरक्षित और भयमुक्त माहौल बहाल हो सकेगा।
















Total Users : 1230313
Total views : 3081549