जिप उम्मीदवार ने फीता काटकर किया शुभारंभ; जिप सदस्य उम्मीदवार ने कई पूजा पंडालों का दौरा कर बांटी पूजन सामग्री
कान्हाचट्टी (चतरा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार को कान्हाचट्टी प्रखंड की तुलबुल पंचायत के तुलबुल दुर्गा मंडप से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ जिला परिषद उम्मीदवार सिकंदर सिंह खेरवार ने फीता काटकर किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र माता रानी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिकंदर खेरवार का पूजा समिति के सदस्यों ने फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उन्होंने विधिवत रिबन काटकर यात्रा का शुभारंभ किया और माता रानी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।

कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए मुहाने नदी पहुंची, जहां से जल लेकर पुनः पूजा स्थल लौटी। यात्रा में 101 से अधिक महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। लाल-पीली साड़ियों में सजी महिलाओं ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। आगे-आगे डीजे और ढोल-नगाड़े की धुन पर युवा “जय माता दी” और “जयकारा शेरावाली” के जयकारे लगाते चल रहे थे। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और कई स्थानों पर शरबत व जलपान की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस मुस्तैद रही।
इस अवसर पर सिकंदर खेरवार ने कहा कि नवरात्र शक्ति की आराधना का पर्व है और मां दुर्गा बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और संस्कार मजबूत होते हैं। उन्होंने पूजा समिति को बधाई देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि वे क्षेत्र के विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
पूजा समिति के अध्यक्ष भरोसे यादव ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह-शाम मां दुर्गा की आरती, दुर्गा सप्तशती का पाठ और भजन-कीर्तन होगा। अष्टमी और नवमी को महाप्रसाद व भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। दशमी को प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

मौके पर समिति के सचिव पिंटू यादव, पुजारी टिंकू पासवान, सदस्य केदार पासवान, प्रदीप पासवान, तुलसी साव, सुधीर पासवान, रामबृक्ष पासवान, संदीप गुप्ता, केदार यादव, महरु पासवान, महादेव पासवान, आकाश रजक, दीपक यादव, दीपक पासवान, हेमन साव, लालो यादव, कामदेव पासवान, अर्जुन पासवान, ब्रह्मदेव पासवान, मिथिलेश पासवान, कैलास यादव समेत वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण व महिला श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।
जिप सदस्य ने किया पंडालों का दौरा
इधर, कान्हाचट्टी प्रखंड में नवरात्र के मौके पर जिला परिषद सदस्य उम्मीदवार अरुण कुमार सिंह ने राजपुर, चिरिदिरी, कान्हाचट्टी बाजार, तुलबुल, चिल्हिया, बकचामा समेत कई गांवों के दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से मिलकर पंडाल निर्माण, प्रतिमा स्थापना और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, एकता और शक्ति का प्रतीक है। सभी पंडालों में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न हो, इसके लिए सभी को मिलजुल कर सहयोग करना चाहिए।
कलश यात्रा में शामिल होकर उन्होंने श्रद्धालु महिलाओं का सम्मान किया और आशीर्वाद लिया। सैकड़ों महिलाओं को चुनरी, नारियल, अगरबत्ती, कुमकुम और पूजा किट वितरित की गई। कलश यात्रियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कलश यात्रा नवरात्र की सबसे पवित्र परंपरा है और सिर पर कलश धारण कर महिलाओं की आस्था सराहनीय है।
अरुण कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देना भी उनका कर्तव्य है। आने वाले दिनों में पंडालों में रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से बात की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
इस मौके पर विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और महिला श्रद्धालु उपस्थित थे। दौरे के दौरान जगह-जगह जिप सदस्य का फूल-माला और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से राजपुर थाना की विशेष उपस्थिति रही और पुलिस ने शांति बनाए रखने में हर संभव मदद की बात कही।



















Total Users : 1230274
Total views : 3081498