रोशन भगत ने 1500 मीटर दौड़ में प्रथम और लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया और अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयनित हुआ
लोहरदगा। मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लोहरदगा के खिलाड़ियों ने 37वां क्षेत्रीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के तरुण वर्ग के भैया रोशन भगत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान तथा लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बहन क्रांति कुमारी ने भाला फेंक में द्वितीय स्थान, बहन पूजा उरांव ने ऊंची कूद में द्वितीय स्थान तथा बहन यमुना उरांव ने 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान व 4×400 मीटर रिले रेस में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। भैया रोशन भगत के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी अखिल भारतीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो विद्यालय के लिए विशेष गर्व की बात है। यह 37वां क्षेत्रीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर, जमशेदपुर में आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लोहरदगा के प्रधानाचार्य, आचार्यगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी सफल प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी। विशेष रूप से भैया रोशन भगत को अखिल भारतीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि रोशन भगत आगामी प्रतियोगिता में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय, लोहरदगा एवं झारखंड का नाम रोशन करेंगे।



















Total Users : 1223163
Total views : 3071690