कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने निभाईं ग्राम सभा की भूमिकाएं, गांव के विकास के मुद्दों पर किया संवाद और सामूहिक निर्णय का अभ्यास
चतरा/मयूरहंड (झारखंड)। पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मयूरहंड हुसिया में गुरुवार को मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, भूमिका एवं महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी, नेतृत्व क्षमता तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी समझ को विकसित करना था।
विद्यार्थियों ने निभाईं ग्राम सभा की भूमिकाएं
मॉडल यूथ ग्राम सभा में विद्यालय की कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ग्राम सभा से संबंधित विभिन्न भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए पूरी प्रक्रिया का जीवंत एवं व्यावहारिक प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान गांव के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई तथा संवाद, सामूहिक निर्णय, समस्या समाधान और जनभागीदारी की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की कार्यवाही को समझने के साथ अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने, विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करने और सामूहिक रूप से निर्णय लेने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
अतिथियों ने की सराहना
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा मुखिया प्रतिनिधि नरेश भुइयां, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य तथा सीआरपी राजेश कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडल यूथ ग्राम सभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, जनभागीदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन पिरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो शशि प्रकाश द्वारा किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र एवं स्थानीय स्वशासन की अवधारणा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से समझने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान




















Total Users : 1211642
Total views : 3056027