लंबित राजस्व वादों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश, अंचल-हल्का कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने को कहा
संवाददाता | न्यूज स्केल लाइव
चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर चतरा पहुंचे। परिसदन आगमन पर उपायुक्त रवि आनंद ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

इसके उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त ने समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन, लीज बंदोबस्ती, विकास कार्यों के लिए भू-हस्तांतरण, राजस्व न्यायालय में लंबित वाद, रेवेन्यू कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आरसीएमएस) तथा सूचना का अधिकार अधिनियम से संबंधित मामलों की प्रगति एवं निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली।
प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारी से लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति जानते हुए लंबे समय से लंबित वादों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो तथा अभिलेखों का संधारण और कार्यालयी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपर समाहर्ता अरविंद कुमार को अपने अधीनस्थ अंचल एवं हल्का कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के साथ-साथ औचक निरीक्षण भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यों की नियमित निगरानी, लंबित मामलों की समीक्षा और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा। साथ ही आपदा प्रबंधन, राजस्व एवं भू-हस्तांतरण मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने पर जोर दिया। आरसीएमएस एवं सूचना का अधिकार से जुड़े मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा आमजनों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान




















Total Users : 1206718
Total views : 3049424