दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, फ्रिज-कोल्ड ड्रिंक्स सहित भारी सामान बरामद
सिमरिया (चतरा), संवाददाता। जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरा रोड पर गोआ खुर्द स्थित एक गुमटी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
गश्ती के दौरान पुलिस ने पकड़ा चोर, दो साथी फरार
पुलिस ने गश्ती के दौरान एक चोर को चोरी के सामान और पिकअप वाहन के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
सिमरिया थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि 26 सितंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बन्हे गांव के पास एक गुमटी में कुछ अज्ञात चोर शटर तोड़कर चोरी कर रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम रवाना की गई। पुलिस टीम ने बन्हे-हर्षनाथपुर रोड पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन (जेएच 13 ए 5244) को रोका, जिसकी तलाशी में दुकान का सामान बिखरा हुआ मिला।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम नरेश कुमार, निवासी कसियाडीह, चतरा सदर बताया। आरोपी ने गोआ खुर्द की गुमटी से चोरी करने की बात कबूल कर ली। गिरफ्तार चालक ने पुलिस को बताया कि इस चोरी में चंगेर गांव के रहने वाले अजय यादव और घनश्याम यादव भी उसके साथ शामिल थे। दोनों पुलिस की गाड़ी को आते देख अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बरामद सामान: पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया —
- चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन
- वोल्टास कंपनी का फ्रिज
- भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स
- कुरकुरे-स्नैक्स के पैकेट
- ताला तोड़ने वाला सब्बल
इस मामले में सिमरिया थाने में कांड संख्या 162/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस सफल छापामारी टीम में थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के साथ एएसआई दिलीप रजक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
























Total Users : 1203524
Total views : 3044766