15 अगस्त के बाद भी नहीं सुधरे हालात, कूड़े के बीच से गुजरने को मजबूर ग्रामीण
मयूरहंड (चतरा)। चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड कार्यालय परिसर में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कार्यालय परिसर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा बिखरा पड़ा है और कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। प्रखंड कार्यालय में रोजाना काम से पहुंचने वाले ग्रामीणों और आम लोगों को इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 15 अगस्त के समय भी प्रखंड कार्यालय परिसर की स्थिति कुछ ऐसी ही थी। उस समय भी परिसर में कई जगह गंदगी जमा थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक सफाई व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हो सका है।
लोगों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई होनी चाहिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। गंदगी के कारण परिसर का वातावरण भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द प्रखंड कार्यालय परिसर की साफ-सफाई कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।






















Total Users : 1194806
Total views : 3032701