भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने उड़ाई बाइक, लोगों ने की निगरानी बढ़ाने की मांग
चतरा। चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के सोमवार साप्ताहिक बाजार से टिकुलिया बरवाडीह निवासी भुवाली गंझु की बाइक (नंबर जेएच-03जेड-9606) चोरी हो गई। बाइक मालिक ने लावालौंग थाना में लिखित आवेदन देकर बाइक बरामद कराने की गुहार लगाई है।
भुवाली गंझु ने बताया कि उसका भतीजा बाइक लेकर साप्ताहिक बाजार आया था। उसने बाइक एक स्थान पर खड़ी की और सामान खरीदने के लिए बाजार चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। इसके बाद आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद लावालौंग थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
साप्ताहिक बाजार से बाइक चोरी की इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता व्याप्त है। लोगों का कहना है कि बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने की मांग की है।




















Total Users : 1194811
Total views : 3032708