पारंपरिक झूमर और लोकगीत की प्रस्तुतियों से गूंजा माहौल, आदिवासी संस्कृति का दिखा अनूठा रंग
सिमरिया (चतरा)। प्राकृतिक पर्व करम की पूर्व संध्या पर चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत कान्हुखाप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दासी पहाड़ में करम मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के 11 गांवों की नृत्य मंडलियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वन विभाग द्वारा करम पौधे के रोपण एवं पाहन जीतन गंझू द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।
समारोह में इतिज, लोहरा, हुरमुड़, मरहा, बोंगाडाग, टुटकी, उरूब, फूसरी, चौथा, हुरनाली और कान्हुखप गांव की नृत्य मंडलियों ने भाग लिया। सभी टीमों ने बारी-बारी से पारंपरिक सांस्कृतिक झूमर की प्रस्तुति दी। लोकगीत और झूमर की मधुर धुन पर कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में समां बांध दिया।
समारोह के माध्यम से करम पर्व की समृद्ध आदिवासी परंपरा, लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुखिया विनोद महतो थे। विशिष्ट अतिथियों में नामधारी गंझू, अध्यक्ष प्रेम गंझू, सचिव सरजू गंझू, उपाध्यक्ष कामाख्या भोगता, सह सचिव नेमनाथ गंझू, कोषाध्यक्ष मादी गंझू, प्रवक्ता अर्जुन गंझू एवं सदस्य विनोद भोगता शामिल रहे। मंच संचालन कामाख्या भोक्ता ने किया।





















Total Users : 1194810
Total views : 3032707